ड्यूटी पर जाते समय सीआरपीएफ जवान की सड़क दुर्घटना में मौत, पूरे गांव में शोक का माहौल
- Post By Admin on Nov 12 2024

लखीसराय : लखीसराय के नक्सल प्रभावित चानन थाना क्षेत्र के मननपुर रामपुर गांव के सीआरपीएफ जवान रोहित कुमार की ड्यूटी पर जाते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रोहित 215 बटालियन, सीआरपीएफ, जमुई के मलयपुर कैंप में तैनात थे। सोमवार को लखीसराय कोर्ट में निजी काम निपटाकर घर लौटे थे। घर पर भोजन करने के बाद अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से कैंप लौट रहे थे तभी जमुई के शोनाय मड़वा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद, स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रोहित को गंभीर हालत में जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां हल्की होश में आने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पटना रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में बरबीघा के पास उन्होंने दम तोड़ दिया।
215 बटालियन के कमांडेंट बिनोद कुमार मोहरिल के नेतृत्व में जवानों ने रोहित के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेट कर राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव पहुंचाया। ग्रामीणों और अधिकारियों ने उन्हें फूल-माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। किऊल नदी के रामपुर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रोहित अपने पीछे पत्नी जयंती कुमारी, 12 वर्षीय बेटी परी कुमारी, पुत्र रुद्र कुमार और दीपक कुमार को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी और बच्चे अब परिवार के सहारे हैं। रोहित की शादी जमुई के दाबिल गांव की जयंती कुमारी से हुई थी। वही वे 2018 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे।