पुरातात्विक स्थल पर अतिक्रमण उजागर, जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : जिले के राजकीय पुरातात्विक स्थल बिछवे पहाड़ी पर शनिवार को किए गए औचक निरीक्षण में अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। निरीक्षण के दौरान वहां तैनात निजी सुरक्षा गार्ड राज बल्लम कुमार ने जानकारी दी कि कुछ स्थानीय लोगों द्वारा संरक्षित क्षेत्र के भीतर अवैध रूप से मकान निर्माण कराया जा रहा है।
सूचना मिलते ही लखीसराय संग्रहालय की टीम तत्काल निरीक्षण स्थल पर पहुंची। टीम में सहायक संग्रहालयाध्यक्ष मृणाल रंजन, तकनीकी सहायक राजेश कुमार, लिपिक रवि राज सिंह, अंकित कुमार तथा गृह रक्षा वाहिनी के गोपेश कुमार और प्रद्युम्न सिंह शामिल थे।
निरीक्षण दल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष अवलोकन किया, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई। संबंधित व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि पुरातात्विक स्थल पर किसी भी प्रकार का निर्माण पूर्णतः अवैध है।
अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को तुरंत निर्माण कार्य रोकने और क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी आगाह किया गया कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।