लखीसराय : बिहार के माननीय मुख्यमंत्री ने आज बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा संचालित मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कुल 1002 करोड़ रुपए की लागत से 1327 योजनाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी भी शामिल रहे।

लखीसराय जिले में इस योजना के अंतर्गत नगर परिषद लखीसराय, नगर परिषद सूर्यगढ़ा और नगर परिषद बड़हिया में कुल 12 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना और नगरवासियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना है।

लखीसराय नगर परिषद के अंतर्गत स्वीकृत पांच योजनाएं:

  • वार्ड 6 में माधव जी कोना से लेकर वाल्मीकि जी महतो जी मोड़ तक नाला निर्माण।

  • वार्ड 28 में लखमोहन पोखर में सीढ़ी घाट का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण।

  • वार्ड 17 और 18 में झिंझरिया पुल के पास से बाईपास ओवर ब्रिज तक पीसीसी रोड निर्माण।

  • मेन रोड पर जमुई मोड़ से लाली पहाड़ी मोड़ तक आरसीसी नाला का निर्माण।

  • वार्ड 2 में रेहुआ रोड पर आरसीसी नाला और पीसीसी सड़क का निर्माण।

सूर्यगढ़ा नगर परिषद में चार स्वीकृत योजनाएं:

  • वार्ड 22 में एनएच 80 बजरंगबली मंदिर से सुरक्षा बांध तक पीसीसी रोड एवं नाला निर्माण।

  • वार्ड 1 में टोला चक समन से सुरक्षा बांध तक पीसीसी सड़क और नाला निर्माण।

  • वार्ड 23 में मानचक ग्राम से एनएच 80 से राधे पासवान घर तक सड़क एवं नाला निर्माण।

  • वार्ड 10 में राजेश कुमार घर से पानी टंकी तक सड़क एवं नगर निर्माण।

बड़हिया नगर परिषद के अंतर्गत तीन परियोजनाएं:

  • वार्ड 10, 11, 13, 15 एवं 16 के बीच एनएच 80 पेट्रोल पंप से गणेश मंदिर तक सड़क एवं नाला निर्माण।

  • पकार टाल से शीतला स्थान नीम तक सड़क एवं नाला निर्माण।

  • श्रीधर सेवा आश्रम से मुर्गी फार्म तक सड़क एवं नाला निर्माण।

इन सभी परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया प्रगति पर है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा। यह विकास कदम लखीसराय जिले के शहरी क्षेत्रों में बेहतर यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने में मददगार साबित होंगे।

जिला प्रशासन ने कहा कि यह योजना जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में सुधार लाएगी।