अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने लगाई फांसी, प्रशंसक स्तब्ध

  • Post By Admin on Mar 26 2023
अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने लगाई फांसी, प्रशंसक स्तब्ध
  • अभिनेत्री के सोशल मीडिया पेज पर आखिरी पोस्ट में झलकी निराशा ,लिखा था बुरी कल भी नहीं थी और अच्छी आज भी नहीं हूं

वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र के एक होटल में युवा भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे (25) ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। रविवार को घटना की जानकारी पाते ही हड़कम्प गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई।

मूलरूप से भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर निवासी आकांक्षा दुबे भोजपुरी फिल्म की शूटिेंग में भाग लेने वाराणसी आई थी। आकांक्षा सारनाथ स्थित सोमेंद्र होटल के कमरा नंबर 105 में ठहरी हुई थी। रविवार सुबह देर तक अभिनेत्री कमरे में नहीं उठीं तो होटल कर्मियों ने नाश्ते के लिए दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों की मौजूदगी में मास्टर चाबी से मैनेजर ने दरवाजा खोला तो अभिनेत्री का शव पंखे से लटकता मिला। पुलिस टीम ने अभिनेत्री के मोबाइल सहित अन्य सामानों को अपने कब्जे में लेकर काल डिटेल के आधार पर छानबीन शुरू कर दी। युवा अभिनेत्री के आत्मघाती कदम से उनके प्रशंसक भी स्तब्ध हैं। चर्चा है कि आकांक्षा की भोजपुरी इंडस्ट्री के एक जाने-माने गायक से नजदीकियां थीं। गायक ने हाल के दिनों में उनसे दूरियां बना ली थीं। इससे आकांक्षा तनाव में चल रही थीं। सारनाथ पुलिस इसके अलावा अन्य पहलुओं पर भी छानबीन कर रही है।

करियर की शुरुआत टिकटॉक से

आकांक्षा दुबे अपने परिजनों के साथ मुम्बई में रहती थीं। आकांक्षा ने अपने करियर की शुरुआत टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर शॉर्ट वीडियो से किया था। इसके बाद उन्हें भोजपुरी फिल्म वीरों के वीर और कसम पैदा करने वाले की-2 में काम करने का अवसर मिला। इन दोनों फिल्मों से आकांक्षा की पहचान भोजपुरी फिल्म जगत में बन गई। आकांक्षा अपने बोल्ड अंदाज के लिए अक्सर सुर्खियों में रहती थीं। हाल के दिनों में उनका आखिरी गाना रिलीज हुआ। गाने का टाइटल है ये आरा कभी हारा नहीं। गाना भोजपुरी गायक अभिनेता पवन सिंह और आकांक्षा पर फिल्माया गया है। आकांक्षा दुबे इंस्टाग्राम पर रील्स भी बनाती थीं। आकांक्षा के सोशल मीडिया पेज पर उनका आखिरी पोस्ट निराशा भरा रहा। आकांक्षा ने लिखा बुरी कल भी नहीं थी और अच्छी आज भी नहीं हूं।