काशी में पीएम मोदी का भव्य रोड शो, 108 बटुकों के शंखनाद से हुआ स्वागत
- Post By Admin on Apr 29 2026
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भव्य रोड शो किया, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान पूरा शहर देशभक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
प्रधानमंत्री बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से रवाना होकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। मंदिर के प्रवेश द्वार पर 108 बटुकों ने शंखनाद कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की। पांच पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई और उन्हें माला पहनाकर त्रिपुंड लगाकर आशीर्वाद दिया।
रोड शो के दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ता नाचते नजर आए, जबकि काफिले पर फूलों की बारिश की गई। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और वहां से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हरदोई जाएंगे। यहां वे 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे, जो मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाला देश के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे में से एक माना जा रहा है।