लखीसराय : विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल लखीसराय इकाई द्वारा रविवार को कच्छियाना पंचायत के बिकम गांव में संगठन विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला बालोपासना प्रमुख नवीन सोनी ने की, जबकि संचालन खंड संयोजक दीपक कुमार ने किया।
बैठक के दौरान एक बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला बालोपासना प्रमुख नवीन सोनी ने कहा कि जिले में लव जिहाद, गौ-हत्या और धर्मांतरण जैसे मामलों में बढ़ोतरी गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे हालात में संगठन की भूमिका और भी अहम हो जाती है।
उन्होंने कहा कि समाज को संगठित करने और हिंदू चेतना को मजबूत करने के लिए जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। उन्होंने युवाओं से संगठन के उद्देश्यों से जुड़ने और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में लक्ष्मण कुमार, सोनू कुमार, सूरज कुमार, प्रवेश, दिलखुश, छोटू, मुकेश, नंदलाल, रोहित, विकास, अनुज और रामपाल सहित कई कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी ने संगठनात्मक कार्यों में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और भावी योजनाओं में भागीदारी का संकल्प लिया।
बैठक के समापन पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें गांव स्तर पर संगठन की इकाइयों का गठन, जनजागरण अभियान और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जनसंपर्क को मजबूत करना शामिल है। वक्ताओं ने एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान करते हुए संगठन के मूल उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की जरूरत पर बल दिया।




















