असम को मिली स्वास्थ्य ढांचे की बड़ी सौगात, अमित शाह ने कई परियोजनाओं का किया लोकार्पण

  • Post By Admin on Mar 15 2026
असम को मिली स्वास्थ्य ढांचे की बड़ी सौगात, अमित शाह ने कई परियोजनाओं का किया लोकार्पण

गुवाहाटी : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुवाहाटी में असम सरकार की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह पहल केवल असम ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक दशक पहले पूर्वोत्तर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन पिछले वर्षों में राज्य सरकार के प्रयासों से स्वास्थ्य ढांचे में बड़ा बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम की स्वास्थ्य व्यवस्था को गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे विकसित राज्यों के स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। राज्य में कई नए सरकारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं ताकि गरीब परिवारों के बच्चों को भी मेडिकल शिक्षा का अवसर मिल सके।

गृह मंत्री ने बताया कि असम में लगभग 675 करोड़ रुपए की लागत से बने प्रागज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का लोकार्पण किया गया है। इसके साथ ही 135 करोड़ रुपए की लागत से गोलाघाट कैंसर सेंटर, 135 करोड़ रुपए की लागत से तिनसुकिया कैंसर सेंटर, 220 करोड़ रुपए की लागत से डिफू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, 284 करोड़ रुपए की लागत से बरपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और 310 करोड़ रुपए की लागत से जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भी उद्घाटन किया गया।

इसके अलावा 218 करोड़ रुपए की लागत से सिक्स माइल स्वास्थ्य भवन और 115 करोड़ रुपए की लागत से अभयापुरी जिला अस्पताल का शिलान्यास भी किया गया। शाह ने कहा कि एक ही दिन में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी इतनी बड़ी परियोजनाओं का शुरू होना असम को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण असम आज कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों के इलाज का बड़ा केंद्र बन रहा है। असम देश का पहला राज्य बनने जा रहा है जहां सरकारी अस्पताल में लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत से प्रोटॉन कैंसर थेरेपी जैसी अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

अमित शाह ने बताया कि पिछले दस वर्षों में असम में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 6 से बढ़कर 24 होने जा रही है, जबकि एमबीबीएस सीटें 726 से बढ़कर 1825 तक पहुंच गई हैं। साथ ही राज्य का स्वास्थ्य बजट भी 4000 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 9000 करोड़ रुपए किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा स्वास्थ्य ढांचा तैयार करना है जिससे असम के किसी भी मरीज को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े और पड़ोसी राज्यों के मरीज भी यहां आकर उपचार करा सकें।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने देश के विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों का समर्थन नहीं किया जा सकता।