पश्चिम एशिया हालात पर भारत की पहल, रूस सहित कई देशों से शांति को लेकर चर्चा

  • Post By Admin on Mar 15 2026
पश्चिम एशिया हालात पर भारत की पहल, रूस सहित कई देशों से शांति को लेकर चर्चा

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत कूटनीतिक स्तर पर सक्रिय हो गया है। इस क्षेत्र की स्थिति को लेकर भारत रूस सहित कई देशों के साथ लगातार संपर्क में है और तनाव कम करने के लिए संवाद के माध्यम से समाधान का आह्वान कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार इस मुद्दे पर रूसी सरकार के साथ लगातार बातचीत जारी है। भारत का रुख साफ है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने और संघर्ष को कम करने के लिए सभी पक्षों के बीच बातचीत जरूरी है।

भारत ने खाड़ी सहयोग परिषद के देशों, ईरान, अमेरिका और इस्राइल सहित प्रमुख हितधारकों के साथ ऊर्जा सुरक्षा को लेकर राजनीतिक और राजनयिक स्तर पर घनिष्ठ संपर्क बनाए रखा है। प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री भी अपने समकक्षों के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं, ताकि भारत की प्राथमिकताओं—विशेषकर ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा और समुद्री मार्गों के सुरक्षित आवागमन—को स्पष्ट किया जा सके।

इसी बीच क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में व्यवधान भी देखा जा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए ईरान ने भारत में फंसे अपने नागरिकों को वापस ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। ईरानी अधिकारियों ने शुक्रवार रात कोच्चि से एक चार्टर्ड विमान का संचालन कराया।

इस विशेष उड़ान से 107 चालक दल के सदस्य, 35 ईरानी पर्यटक, तीन राजनयिक और जहाज आईआरआईएस लावन के गैर-आवश्यक चालक दल के सदस्य ईरान के लिए रवाना हुए।

कूटनीतिक हलकों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत की प्राथमिकता अपने ऊर्जा हितों की सुरक्षा, समुद्री व्यापार मार्गों की स्थिरता और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की है।