नेपाल में तीर्थयात्रियों की बस पलटी, सात भारतीयों की दर्दनाक मौत

  • Post By Admin on Mar 15 2026
नेपाल में तीर्थयात्रियों की बस पलटी, सात भारतीयों की दर्दनाक मौत

काठमांडू : नेपाल में भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मध्य नेपाल क्षेत्र में बस के खाई में गिरने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख भरत बहादुर बीके ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में घायल सात अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सभी घायलों को आंबुखैरेनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।