मुजफ्फरपुर : नगर थाना में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, मुजफ्फरपुर जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल और उनके पुत्र के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर दर्ज एफआईआर के संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने आरोपों को निराधार बताया है।
अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि, "सितंबर 2022 में डिजनीलैंड क्राफ्ट एंड ट्रेड फेयर ने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा से मेला लगाने की अनुमति ली थी। बाद में, कोरोना के बढ़ते प्रकोप और पार्टी कार्यक्रमों के चलते वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस मेले को रद्द कर दिया। इसके बावजूद, फेयर के सचिव प्रदीप कुमार ने जबरन परिसर में मेला लगाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने हटाया।"
उन्होंने आगे बताया, "इसके बाद मुझे अनजान नंबर से जान से मारने की धमकी मिली, जिसके लिए मैंने एफआईआर दर्ज कराई। अब जो एफआईआर हमारे खिलाफ दर्ज की गई है, वह पूरी तरह गलत मंशा से प्रेरित है। प्रदेश अध्यक्ष के पटना लौटने पर हम इस मामले में मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे और आरक्षी अधीक्षक से मिलकर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे।"




















