दरभंगा में जनसुराज का मंथन, गोदाईपट्टी पंचायत की समस्याओं को लेकर हुई बैठक

  • Post By Admin on Jun 14 2026
दरभंगा में जनसुराज का मंथन, गोदाईपट्टी पंचायत की समस्याओं को लेकर हुई बैठक

दरभंगा: हनुमाननगर प्रखंड अंतर्गत गोदाईपट्टी पंचायत में मूलभूत सुविधाओं की कमी और स्थानीय समस्याओं को लेकर जनसुराज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जनसुराज के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जनसुराज किसान प्रकोष्ठ, दरभंगा के जिला महामंत्री अभय कुमार चौधरी ने अपने आवास पर की।

बैठक को संबोधित करते हुए अभय कुमार चौधरी ने पंचायत की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि गोदाईपट्टी पंचायत की सबसे बड़ी समस्या यहां डाकघर का अभाव है। पंचायत के नौ गांवों को तीन अलग-अलग डाकघरों से जोड़ा गया है, जिनमें से दो डाकघर समस्तीपुर जिले में स्थित हैं। इस कारण ग्रामीणों को आधार कार्ड, पासपोर्ट आवेदन तथा अन्य डाक संबंधी कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सही पिनकोड और डाक व्यवस्था के अभाव में लोगों के कई जरूरी कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत में एक भी राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा नहीं होना भी गंभीर समस्या है। बैंकिंग सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को लेन-देन, सरकारी योजनाओं की राशि प्राप्त करने तथा अन्य वित्तीय कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है। इससे लोगों का समय और धन दोनों व्यर्थ होता है।

बैठक में मौजूद जनसुराज कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी पंचायत की विभिन्न समस्याओं पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने सरकार एवं संबंधित विभागों से गोदाईपट्टी पंचायत में शीघ्र डाकघर और राष्ट्रीयकृत बैंक की स्थापना की मांग की। उनका कहना था कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। बैठक के दौरान पंचायत के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने पंचायत की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर संघर्ष करने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। बैठक में जनसुराज के कई कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।