बिहार में 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला, कई जिलों को मिले नए जिलाधिकारी
- Post By Admin on Jun 18 2026
पटना: बिहार सरकार ने गुरुवार देर रात बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, नालंदा, जहानाबाद, बांका, खगड़िया, किशनगंज, रोहतास, गोपालगंज और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में नए जिलाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इससे पहले सरकार ने 27 आईपीएस अधिकारियों के भी तबादले किए थे।
राजधानी पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम का तबादला कर उन्हें बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके पास स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। वहीं नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार को पटना का नया डीएम नियुक्त किया गया है। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय अब भागलपुर की नई डीएम होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव छिरिड वाई भूटिया को जहानाबाद का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। रोहतास की डीएम उदिता सिंह का तबादला कर उन्हें नालंदा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में तैनात अंशुल अग्रवाल को बांका का नया डीएम बनाया गया है। वहीं बिहार शिक्षा परियोजना परिषद से नवीन कुमार को किशनगंज तथा प्रारंभिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर को खगड़िया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास का जिलाधिकारी बनाया गया है। कंफेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज का नया डीएम नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों में भी महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। 1996 बैच के आईएएस आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। 1997 बैच के आईएएस रॉबर्ट एल. चोग्थू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं 2007 बैच के आईएएस मोहम्मद सोहैल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव एवं जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इसके अलावा धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का चेयरमैन, नवीन कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का विशेष सचिव तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं प्रीति को समेकित बाल विकास सेवाएं का निदेशक और चंद्रिमा अत्री को समाज कल्याण विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक चुनौतियों और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।