रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के नारों से गूंजा इलाका
- Post By Admin on Mar 26 2026
लखीसराय : रामनवमी के पावन अवसर पर गुरुवार को किऊल स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा रामनवमी शोभायात्रा महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सनातन धर्म के अनुयायी शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संयोजक सोनू कुमार ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष परशुराम सिंह, प्रांत बलोपासना प्रमुख साहिल सत्यम, जिला मंत्री बंटी कुमार तथा विभाग संयोजक सोनू पटेल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन और उनके चरित्र की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम आदर्श पुत्र, आदर्श पति और आदर्श भाई के रूप में पूरे विश्व के लिए प्रेरणा हैं। माता शबरी के हाथों बेर ग्रहण करने की घटना सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण है। भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में धर्म की रक्षा, त्याग और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि श्रीरामलला मंदिर के निर्माण के लिए लगभग 500 वर्षों तक संघर्ष चला, जिसमें लाखों लोगों ने बलिदान दिया और कई बार संघर्ष हुए। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की भूमिका और कोठारी बंधुओं के बलिदान का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में अमन कुमार, सन्नी सुमन, नवीन सोनी, बालकृष्ण शर्मा, दीपक सिंह, हिमांशु पटेल, विकास तिवारी, विष्णु कुमार, राजकिशोर, किशन कुमार, संदीप कुमार, हर्षित कुमार, प्रियंशु, अंकेश, राजीव सहित कई कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।