स्थापना दिवस को लेकर भाजपा की बड़ी तैयारी, गांव-बस्ती तक पहुंचेगा संगठन
- Post By Admin on Mar 26 2026
पटना : भारतीय जनता पार्टी बिहार में इस वर्ष स्थापना दिवस को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। इसे लेकर गुरुवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी का स्थापना दिवस 5 अप्रैल से 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों की सजावट की जाएगी, जबकि 6 अप्रैल को सभी कार्यालयों में विकास यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वज फहराएंगे और ध्वज के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे।
उन्होंने कहा कि 6 या 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ स्तर पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों के साथ स्थापना दिवस मनाया जाएगा। वहीं 8 और 9 अप्रैल को जिला कार्यालयों में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा 7 से 12 अप्रैल तक “गांव बस्ती चलो अभियान” भी चलाया जाएगा। इस अभियान में पार्षद, पंचायत प्रतिनिधियों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे। एक विधानसभा क्षेत्र के लगभग 50 बड़े गांवों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया ने कहा कि स्थापना दिवस को लेकर प्रदेश स्तर पर पूरी तैयारी की जा रही है। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, पिंकी कुशवाहा, सत्यपाल नरोत्तम और राजीव रंजन शामिल हैं।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के लिए कार्यक्रम प्रभारी भी बनाए गए हैं। मिथिला के लिए डॉ. रागिनी रानी, तिरहुत के लिए संजय तिवारी, मगध के लिए स्वाति सिन्हा, शाहाबाद के लिए जनार्दन शर्मा जोगी, चंपारण के लिए अर्जुन गुप्ता, सारण के लिए गौतम कुमार, भागलपुर के लिए विट्टू सोनी, कोशी के लिए पूनम शर्मा, सीमांचल के लिए अमरेश कुमार ओझा, पटना के लिए निधि सिंह, मुंगेर के लिए सुशांत कुमार और बेगूसराय के लिए अर्चना ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में मुख्यालय सह प्रभारी दिलीप मिश्रा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार तथा सोशल मीडिया सह संयोजक अंबरीश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।