बाढ़ राहत पैकेट्स पर राहुल गांधी की तस्वीर से छिड़ा विवाद, भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

  • Post By Admin on Sep 07 2025
बाढ़ राहत पैकेट्स पर राहुल गांधी की तस्वीर से छिड़ा विवाद, भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

नई दिल्ली : पंजाब में बाढ़ पीड़ितों को बांटे गए राहत पैकेट्स पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तस्वीर लगने से सियासी घमासान छिड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर बाढ़ राहत कार्यों को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है और इसे जनता की तकलीफों पर राजनीति करने वाला कदम बताया है।

भाजपा प्रवक्ता ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें कांग्रेस की ओर से भेजे गए पैकेट्स और ट्रकों पर राहुल गांधी की तस्वीरें व पार्टी के बड़े पोस्टर लगे दिखाई दिए। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहत पहुंचाने की बजाय कांग्रेस इस मौके का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अगर कांग्रेस का उद्देश्य वास्तव में पंजाब में राहत पहुंचाना है, तो वह पैकेट्स पर राहुल गांधी के स्टिकर और चुनाव चिन्ह क्यों चिपका रही है?" उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस की प्राथमिकता हमेशा राजनीति रही है, राहत कार्य बाद में आता है।"

भाजपा ने याद दिलाया कि 2013 में उत्तराखंड आपदा के समय भी कांग्रेस ने राहत सामग्री के वितरण में राजनीति की थी। उस दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नाम से भेजे गए करीब 500 ट्रक कई दिनों तक ऋषिकेश और देहरादून में फंसे रहे थे। ट्रक चालकों ने आरोप लगाया था कि उन्हें न तो ईंधन दिया गया और न ही सही दिशा-निर्देश, जिससे राहत प्रभावित इलाकों तक नहीं पहुंच पाई।

भाजपा का कहना है कि पंजाब में एक बार फिर कांग्रेस उसी तरह की गलती दोहरा रही है। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस वास्तविक मदद की बजाय अपने नेताओं की छवि चमकाने पर जोर दे रही है।

इधर, कांग्रेस नेताओं ने राहत सामग्री पर राहुल गांधी की तस्वीरों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। मगर सियासी हलकों में इस मुद्दे पर गर्मागरम बहस जारी है।