नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले लोगों को साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क किया है। गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर सक्रिय WhatsApp Web सेशन का गलत इस्तेमाल कर साइबर अपराधी किसी व्यक्ति के अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बना सकते हैं।
I4C के अनुसार, यदि किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन छोड़ दिया जाता है तो दूसरा व्यक्ति उस अकाउंट के संदेश पढ़ सकता है, संपर्क सूची और ग्रुप बातचीत देख सकता है तथा अकाउंट धारक की पहचान का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी या फिशिंग जैसी गतिविधियां कर सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि WhatsApp Web का इस्तेमाल करने के बाद अकाउंट से विधिवत लॉगआउट करना जरूरी है।
साइबर सुरक्षा इकाई ने साइबर कैफे, होटल बिजनेस सेंटर, सार्वजनिक कियोस्क और दूसरे लोगों के लैपटॉप पर WhatsApp लॉगिन करने से बचने की सलाह दी है। यदि साझा कंप्यूटर पर इस्तेमाल करना जरूरी हो तो निजी या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का उपयोग करने को कहा गया है। सरकार ने विशेष रूप से सरकारी, वित्तीय, संगठनात्मक और गोपनीय जानकारी के आदान-प्रदान के लिए साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है।














