नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने वाहनों से निकलने वाले धुएं पर सख्त रुख दिखाया है। अदालत ने कहा है कि दिल्ली में कम से कम BS-VI उत्सर्जन मानक वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि वाहन प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़े और दीर्घकालिक कदम जरूरी हैं। सुनवाई में एक और महत्वपूर्ण सुझाव सामने आया। अदालत ने विचार रखा कि अगले पांच वर्षों में दिल्ली में कमर्शियल वाहनों के प्रवेश को चरणबद्ध तरीके से सीमित किया जा सकता है। इसके लिए दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम बनाए जाने और वहां से सामान को इलेक्ट्रिक या प्रदूषण रहित वाहनों के जरिए शहर के भीतर पहुंचाने का विकल्प सुझाया गया।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अभी केवल BS-VI वाहनों की अनुमति या कमर्शियल वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का अंतिम आदेश पारित नहीं किया है। अदालत ने दिल्ली और आसपास के राज्यों से प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है। यदि भविष्य में ऐसा नियम लागू होता है तो पुराने वाहनों के मालिकों, ट्रांसपोर्ट कारोबार और माल ढुलाई व्यवस्था पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है।