लखीसराय : जिले में एनडीए कार्यकर्ताओं का ऐतिहासिक सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। यह सम्मेलन 20 सितम्बर (शनिवार) को के आर के विद्यालय प्रांगण में होगा, जहां हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।

इस आयोजन को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सम्मेलन में एनडीए के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। इनमें बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और भवन निर्माण मंत्री जयंत राज कुशवाहा प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा सांसद धर्मशीला गुप्ता और अजय कुमार मंडल, लोजपा (आर) की राष्ट्रीय महासचिव इन्दू कश्यप, रालोमो के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव राम तथा हम पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रीतेश कुमार उर्फ नुन्नू शर्मा भी सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “यह सम्मेलन सिर्फ राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और जनता के विश्वास का उत्सव है। लखीसराय से हम यह संकल्प लेंगे कि विकास और सुशासन की धारा हर गाँव और हर घर तक पहुँचे।”

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की एकजुटता और उत्साह का उदाहरण बनेगा। वहीं, जदयू जिलाध्यक्ष रामानंद मंडल ने इसे सामूहिक संकल्प और जनता के सहयोग से विकास की नई कहानी लिखने वाला अवसर बताया।

जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एनडीए के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक लोगों से संपर्क कर रहे हैं। मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में घर-घर जाकर आमजन से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की जा रही है। स्थानीय स्तर पर मिल रहे उत्साह से साफ है कि सम्मेलन में कार्यकर्ताओं और जनता की भारी भीड़ उमड़ेगी।

इस आयोजन के जरिए एनडीए लखीसराय से एकजुटता और विकास का मजबूत संदेश देने की तैयारी में है।