पितृ पक्ष और विवेकानंद के शिकागो भाषण की वर्षगांठ पर पौधारोपण

  • Post By Admin on Sep 19 2025
पितृ पक्ष और विवेकानंद के शिकागो भाषण की वर्षगांठ पर पौधारोपण

लखीसराय : पितृ पक्ष की त्रयोदशी श्राद्ध तिथि और स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की वर्षगांठ के अवसर पर लखीसराय जिले के प्लस टू पुरानी बाजार उच्च विद्यालय मैदान परिसर, बोधवन तालाब, जमुई में देव वृक्ष पीपल का पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण भारती की ओर से किया गया, जिसका नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अंकित पंडित ने किया।

अंकित पंडित ने यह पौधारोपण अपने माता-पिता स्व. अकशवा देवी और स्व. छेदी पंडित की पुण्य स्मृति में किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनकी माता धर्मपरायण थीं, जबकि पिता समाजसेवा के कार्यों के लिए समर्पित रहते थे। सहयोगी के रूप में दिनेश यादव मौजूद रहे।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पितृ पक्ष वर्ष में 16 दिन मनाया जाता है, जिसमें पूर्वजों को श्रद्धा और तर्पण से स्मरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि पितरों की स्मृति में पिण्डदान के साथ पीपल और बरगद जैसे देव वृक्ष का पौधारोपण करने की परंपरा है, जो न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अहम योगदान है।

उन्होंने आगे कहा कि 19 सितंबर ऐतिहासिक दृष्टि से भी खास महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन 1893 में अमेरिका के शिकागो धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति की महत्ता पर अपना ऐतिहासिक भाषण दिया था। उनका संबोधन "मेरे अमेरिका के भाइयों और बहनों" से शुरू हुआ, जिस पर पांच मिनट तक तालियां गूंजती रहीं।

कार्यक्रम में अंकित पंडित, सुमन कुमार, दिनेश यादव, राम बिलास शाण्डिल्य, विजय यादव, प्रिंस यादव, रौनक यादव, अशोक यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।