लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का भव्य रोड शो, जेसीबी से हुई फूलों की वर्षा
- Post By Admin on Nov 28 2025
लखीसराय : राज्य के डिप्टी सीएम के रूप में लगातार दूसरी बार शपथ लेने के बाद विजय कुमार सिन्हा अपने प्रथम तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को लखीसराय पहुंचे। उनके आगमन ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। बड़हिया पहुंचते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सड़क किनारे कतारबद्ध लोगों ने ‘विजय सिन्हा जिंदाबाद’ के नारों के बीच फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
बड़हिया से जिला मुख्यालय लखीसराय तक डिप्टी सीएम का भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए स्वागत मंचों से कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाए और जयकारों से माहौल उल्लासपूर्ण बना रहा।
रोड शो का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जेसीबी मशीन की बाल्टी में फूल भरकर उनका स्वागत किया। इस अनोखे अंदाज़ ने लोगों में खास उत्साह पैदा किया और शहरभर में चर्चा का विषय बना रहा। ढोल-नगाड़ों की ताल और लगातार गूंजते स्वागत नारों ने पूरे शहर को उत्सव के माहौल में बदल दिया।
डिप्टी सीएम का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उच्च संवैधानिक पद पर दूसरी बार आसीन होने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में उनका पहला आगमन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और उत्साह का बड़ा स्रोत साबित हुआ। स्थानीय नागरिकों ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए आशा जताई कि जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।