लाली पहाड़ी महोत्सव : लखीसराय की सांस्कृतिक विरासत ने जीता विदेशी मेहमानों का मन

  • Post By Admin on Nov 28 2025
लाली पहाड़ी महोत्सव : लखीसराय की सांस्कृतिक विरासत ने जीता विदेशी मेहमानों का मन

लखीसराय : जिले में आयोजित तीन दिवसीय लाली पहाड़ी महोत्सव 2025 का आज भव्य समापन हुआ। देश-विदेश से आए इतिहासकारों, शोधकर्ताओं और विद्वानों ने जिले की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक संपदाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर महोत्सव को सार्थक एवं सफल बताया।

समापन दिवस पर जिला पदाधिकारी लखीसराय श्री मिथिलेश मिश्र के नेतृत्व में विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने ऐतिहासिक अशोकधाम मंदिर और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण राजौनाचौकी गांव का भ्रमण किया। इस दौरान अतिथियों ने मंदिर के स्थापत्य, प्राचीन शिल्पकला एवं संरक्षित अवशेषों को देखकर गहरा उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लखीसराय की सांस्कृतिक विविधता और पुरातात्विक महत्व भारतीय इतिहास की गहन समझ का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय कारीगरों द्वारा संरक्षित पारंपरिक शिल्पकौशल की भी सराहना की। मंदिर परिसर में संजोई गई ऐतिहासिक सामग्रियों, मूर्तियों और संरचनाओं ने विदेशी विद्वानों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी श्री मिश्र ने लखीसराय के प्राचीन इतिहास, धार्मिक महत्त्व और चल रहे संरक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लाली पहाड़ी महोत्सव का उद्देश्य जिले की सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस महोत्सव से पर्यटन को नई दिशा और गति मिलेगी।

विदेशी इतिहासकारों एवं विद्वानों ने जिले की विरासत को सहेजने हेतु जिला प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की और भविष्य में शोध तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान के अवसरों पर सहयोग की इच्छा व्यक्त की।

महोत्सव के सफल आयोजन ने लखीसराय की ऐतिहासिक पहचान को एक नए आयाम के साथ दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।