दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, 27 साल बाद सत्ता में वापसी
- Post By Admin on Feb 08 2025
.jpg)
नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आ चुके हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 27 साल बाद सत्ता में वापसी कर ली है। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 47 सीटों पर बढ़त बनाकर बंपर बहुमत हासिल किया है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को सिर्फ 23 सीटें मिली हैं।
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी परंपरागत नई दिल्ली सीट से 1200 वोटों के अंतर से भाजपा के प्रवेश वर्मा से हार गए। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी जंगपुरा सीट से पराजित हो गए।
बुधवार को हुए मतदान में करीब 60.4% वोटिंग दर्ज की गई, जो 2020 के 62% मतदान से कम रही। चुनावी मुकाबला भाजपा और आप के बीच सीधा था, जबकि कांग्रेस इस बार भी हाशिए पर रही। हालांकि, एग्जिट पोल्स में कांटे की टक्कर का दावा किया गया था, लेकिन नतीजे भाजपा के पक्ष में जाते दिखे।
गिनती के शुरुआती आधे घंटे में भाजपा और आप के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया, लेकिन जल्द ही भाजपा ने बढ़त बना ली। पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है, और जश्न का माहौल बना हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7:30 बजे भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
दिल्ली में 36 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए भाजपा ने 47 सीटों पर जीत या बढ़त बना ली है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भाजपा ने दिल्ली में अपनी सत्ता की वापसी सुनिश्चित कर दी है, जिससे 27 साल का वनवास समाप्त हो गया।