IPSC चेयरमैन बनने पर प्रिंसिपल आर.सी. जोशी का सम्मान, पूर्व छात्रों ने किया अभिनंदन

  • Post By Admin on Mar 24 2026
IPSC चेयरमैन बनने पर प्रिंसिपल आर.सी. जोशी का सम्मान, पूर्व छात्रों ने किया अभिनंदन

जोधपुर : एल. के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर के पूर्व छात्र संघ द्वारा संस्थान के प्रिंसिपल आर. सी. जोशी के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उनके इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस (IPSC) के चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर आयोजित किया गया, जिसे संस्थान और राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

समारोह में वर्ष 1995 बैच से लेकर हाल ही में पासआउट हुए विद्यार्थियों तक बड़ी संख्या में पूर्व छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी ने पुष्पमालाओं और स्मृति चिह्न भेंट कर प्रिंसिपल आर.सी. जोशी का स्वागत किया और उनके नेतृत्व, दूरदर्शिता तथा शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की।

पूर्व छात्रों ने कार्यक्रम के दौरान विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि जोशी सर का मार्गदर्शन उनके जीवन और करियर में बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की।

अपने संबोधन में आर.सी. जोशी ने कहा कि एक शिक्षक की असली पूंजी उसके छात्रों की सफलता होती है। उन्होंने कहा कि IPSC चेयरमैन का पद उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी के साथ-साथ सभी के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी जड़ों को न भूलने और समाज तथा संस्थान को “गिविंग बैक” करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उपस्थित लोगों ने इसे भावनात्मक और प्रेरणादायक अवसर बताया।