कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच नीट परीक्षा सम्पन्न, 929 अभ्यर्थी हुए शामिल
- Post By Admin on May 03 2026
लखीसराय : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी) परीक्षा–2026 का लखीसराय जिले में सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन किया गया। परीक्षा जिले के चार केंद्रों पर निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।
जिले में केन्द्रीय विद्यालय लखीसराय, डायट लखीसराय, के.आर.के. उच्च विद्यालय लखीसराय तथा +2 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इन केंद्रों पर कुल 949 परीक्षार्थियों के शामिल होने की व्यवस्था थी, जिनमें से 929 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। परीक्षा निर्धारित समयानुसार दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं उड़नदस्ता दल की तैनाती की गई। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी गई।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक, निरीक्षक एवं अन्य कर्मियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए थे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना नहीं मिली, जिससे आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता एवं यातायात प्रबंधन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर भीड़-भाड़ और अनावश्यक गतिविधियों पर नियंत्रण रखा गया।