वैज्ञानिक विरासत को नमन, समाजसेवी सोनू सरकार को मिलेगा दुर्गा प्रसाद चौधरी सम्मान
- Post By Admin on May 03 2026
मुजफ्फरपुर : प्रसिद्ध वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी की जयंती के अवसर पर मालीघाट स्थित सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्था के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने की।
अध्यक्षीय संबोधन में सुनील कुमार ने वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी के योगदानों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने पृथ्वी की गोलाई मापने के लिए विशेष यंत्र का निर्माण किया था, जिसका सफल प्रयोग भारत सरकार द्वारा 1971 में भारत के समुद्र तट से पूर्वी अफ्रीका के मोम्बासा तक किया गया था। इस उपलब्धि से उन्हें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हुई।
इस मौके पर सांस्कृतिकर्मी बैजू कुमार ने वैज्ञानिक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तार्किक विश्लेषण, प्रमाण-आधारित अवलोकन और निरंतर जिज्ञासा से ही विज्ञान का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना समय की आवश्यकता है।
सरला श्रीवास युवा मंडल की उपाध्यक्ष सुमन कुमारी ने दुर्गा प्रसाद चौधरी के जीवन और उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, लोक गायिका अनीता कुमारी ने ‘सेहरा गीत’ के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की संरक्षक कांता देवी ने घोषणा की कि आगामी ‘पुरखा पुरनिया संवाद सह सम्मान कार्यक्रम’ में शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार को ‘वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वैज्ञानिक के योगदानों को याद करते हुए समाज में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।