इतिहास से रूबरू होंगे छात्र: लंगट सिंह कॉलेज में चंपारण सत्याग्रह और राजकुमार शुक्ल पर संगोष्ठी
- Post By Admin on Aug 21 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज में 22 अगस्त को इतिहास बोध और शोध संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष पुस्तक परिचर्चा सह व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र "चंपारण में नील संघर्ष के सिपाही (1867-1918)" पुस्तक पर परिचर्चा तथा "चंपारण सत्याग्रह में पंडित राजकुमार शुक्ल की भूमिका" विषय पर व्याख्यान रहेगा।
इस वैचारिक आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में इतिहासकार श्री भैरव लाल दास अपने विचार साझा करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रो. भोजनंदन प्रसाद सिंह उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया करेंगी।
स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों से परिचित होना आवश्यक: प्राचार्या
आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि चंपारण का नील संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक आधारस्तंभ है। वर्तमान युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों को इतिहास के इन महत्वपूर्ण पन्नों और गुमनाम नायकों के योगदान से जोड़ना बेहद जरूरी है।
उन्होंने पंडित राजकुमार शुक्ल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों के कारण ही महात्मा गांधी चंपारण आए थे, जहाँ से देश में सत्याग्रह आंदोलन की नींव पड़ी थी। इस तरह के बौद्धिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर शोध और ऐतिहासिक समझ को विकसित करने का काम करते हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. पुष्पा कुमारी, डॉ. दिलीप कुमार यादव, डॉ. नवीन कुमार सहित कॉलेज के कई शिक्षक और शोधार्थी उपस्थित रहे।