जीएनआईओटी में ‘नवांकुर 2026’ का भव्य ओरिएंटेशन, 1,500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
- Post By Admin on Aug 24 2026
ग्रेटर नोएडा: जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों की नई शैक्षणिक यात्रा को प्रेरणादायक शुरुआत देने के उद्देश्य से ‘नवांकुर 2026–ओरिएंटेशन कार्यक्रम’ का आयोजन इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में किया गया। ‘नई शुरुआत, नई आकांक्षाएं’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में इंजीनियरिंग एवं एमसीए के 1,500 से अधिक नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
शिक्षा के क्षेत्र में 25 वर्षों की यात्रा पूरी कर चुके जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को नैक ए प्लस मान्यता प्राप्त है, जबकि इसके इंजीनियरिंग कार्यक्रम एनबीए से मान्यता प्राप्त हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान, उद्योग जगत, विज्ञान, नवाचार, नेतृत्व, खेल, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास के अवसरों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा इसरो वैज्ञानिक एवं चंद्रयान-3 के परियोजना प्रबंधक अभिषेक सिंह, क्रिकेट कमेंटेटर एवं यूट्यूबर आकाश चोपड़ा, ईवाई के निदेशक महेश नारायण, ऑटोरेबिट के वैश्विक प्रमुख संकेत रामकृष्णमूर्ति तथा अभिनेता एवं कवि दिनेश बावरा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। जीएनआईओटी के निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि कपिल मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत अवसरों का भारत है और युवाओं के पास अपनी प्रतिभा को देश-दुनिया के सामने साबित करने के लिए पहले से अधिक अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहने, बल्कि नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।जीएनआईओटी ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना है। उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वदेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान के साथ संचार कौशल, अनुकूलन क्षमता, उद्योग जगत का अनुभव और नेतृत्व क्षमता भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण इसरो वैज्ञानिक अभिषेक सिंह का संबोधन रहा। उन्होंने चंद्रयान-3 मिशन, भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों, वैज्ञानिक सोच और नवाचार के महत्व पर विद्यार्थियों से संवाद किया। आकाश चोपड़ा ने क्रिकेट, कमेंट्री और डिजिटल मीडिया से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। वहीं महेश नारायण एवं संकेत रामकृष्णमूर्ति ने तकनीक, जिम्मेदार कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मानव संसाधन संचालन और बदलते कॉर्पोरेट परिवेश से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। ‘जय हो’, ‘रंगीलो राजस्थान’, ‘दिल से दिल तक’, ‘रास–द रिदम ऑफ लव’, ‘ताल-ए-ट्विस्ट’, ‘गुजरात बीट्स’ और ‘सेलेस्टियल क्रू’ जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह भर दिया। दिनेश बावरा ने ‘वर्सेज एंड विट’ के माध्यम से कविता, हास्य और अभिनय का संगम प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का मनोरंजन किया।
‘नवांकुर 2026’ ने नवप्रवेशित इंजीनियरिंग एवं एमसीए विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत नए आत्मविश्वास, ऊर्जा और आकांक्षाओं के साथ करने का अवसर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल, नवाचार, अनुशासन, नेतृत्व और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।