मेरा युवा भारत की प्रेस वार्ता में नेशनल स्पोर्ट्स डे और ‘खेलो इंडिया संवाद’ की जानकारी

  • Post By Admin on Aug 24 2026
मेरा युवा भारत की प्रेस वार्ता में नेशनल स्पोर्ट्स डे और ‘खेलो इंडिया संवाद’ की जानकारी

मुजफ्फरपुर: मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर की ओर से कंबाइंड बिल्डिंग स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर नेशनल स्पोर्ट्स डे एवं ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता सहायक प्रशाखा पदाधिकारी चंदेश्वर पाण्डेय ने की। इस अवसर पर लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक, मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर विनय कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।

चंदेश्वर पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को नेशनल स्पोर्ट्स डे मनाया जाता है। यह दिवस महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती को समर्पित है। इस वर्ष नेशनल स्पोर्ट्स डे से संबंधित कार्यक्रम 27 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष देशभर में नेशनल स्पोर्ट्स डे को Youth Participation, Sports Development और Nation Building की भावना के साथ भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इसी उद्देश्य से देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के युवा, खिलाड़ी और देश के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। चंदेश्वर पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में खेल के क्षेत्र में हुए बदलावों और उपलब्धियों को युवाओं तक पहुंचाना तथा खेल और देश के विकास को लेकर युवाओं के विचार एवं सुझाव सुनना कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के 1,600 अलग-अलग स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इसके माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद युवा एक साझा राष्ट्रीय मंच से जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों को सुबह 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होना होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम का मुख्य फोकस स्थानीय स्तर पर युवाओं के साथ संवाद एवं विचार-विमर्श पर रहेगा। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।