मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधी : लूट के दौरान दंपती व बच्चे पर गोलीबारी, महिला की हालत गंभीर

  • Post By Admin on Apr 28 2026
मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधी : लूट के दौरान दंपती व बच्चे पर गोलीबारी, महिला की हालत गंभीर

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मार दी। घटना सकरा थाना क्षेत्र के रेपुरा-मड़वन मार्ग स्थित रेपुरा चौर की है, जहां सोमवार दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट के दौरान पति-पत्नी और उनके मासूम बच्चे को निशाना बनाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र निवासी सोहन सिंह अपनी पत्नी श्वेता कुमारी (26) और साढ़े तीन वर्षीय पुत्र प्रियांश के साथ बाइक से मड़वन गांव जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने करीब एक किलोमीटर तक उनका पीछा किया और सुनसान स्थान पर ओवरटेक कर घेर लिया।

बताया जाता है कि अपराधियों ने श्वेता कुमारी की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गहने उतारने को कहा। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी, जिससे श्वेता की कनपटी में गोली लग गई। इसके बाद सोहन सिंह ने अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की तो उनकी जांघ में गोली मार दी गई। वहीं, एक गोली श्वेता के सिर को भेदते हुए उनके पुत्र प्रियांश के सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसे हल्की चोट आई।

घटना के बाद बदमाश करीब 7 लाख रुपए मूल्य के गहने लूटकर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां श्वेता कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से दो खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोली की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे मजदूर मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

*खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है*