ईरान ने किया भारतीय चालक दल वाले केमिकल टैंकर पर हमला, सभी नाविक सुरक्षित

  • Post By Admin on Apr 28 2026
ईरान ने किया भारतीय चालक दल वाले केमिकल टैंकर पर हमला, सभी नाविक सुरक्षित

तेहरान/मस्कट : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के पास एक केमिकल टैंकर पर हमले की घटना सामने आई है। इस टैंकर पर भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। ओमान के बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।

मंत्रालय के अनुसार, टोगो ध्वज वाला केमिकल टैंकर “एमटी सिरोन” 25 अप्रैल को शिनास बंदरगाह की बाहरी सीमा के पास अन्य जहाजों के साथ गुजर रहा था, तभी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के तटरक्षक बल ने उसे रोक लिया और चेतावनी के तौर पर गोलीबारी की।

ओमान के अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और भारतीय दूतावास, विदेश मंत्रालय तथा अन्य समुद्री एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि चालक दल और समुद्री गतिविधियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इससे पहले भी आईआरजीसी द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दो भारतीय जहाज—वीएलसीसी सनमार हेराल्ड और मालवाहक पोत जग अर्नव—पर गोलीबारी की जा चुकी है, जिसके बाद दोनों जहाजों को वापस लौटना पड़ा था। भारत ने इस कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया था, हालांकि उस घटना में भी किसी चालक दल को नुकसान नहीं पहुंचा था।

गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते क्षेत्र में हालात संवेदनशील बने हुए हैं, जिसका असर समुद्री सुरक्षा पर भी पड़ रहा है।

*खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है*