लखीसराय पुलिस की बड़ी दबिश : मासूम का गुनहगार 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

  • Post By Admin on May 03 2026
लखीसराय पुलिस की बड़ी दबिश : मासूम का गुनहगार 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

लखीसराय : जिले के हलसी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक 8 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर नामजद अभियुक्त को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 मई 2026 की सुबह की है। पीड़िता की माँ (काल्पनिक नाम- वीणा देवी) ने 2 मई को हलसी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, उनकी 8 वर्षीय पुत्री जब घर से बाहर शौच के लिए गई थी, तभी आरोपी ने उसे अकेला पाकर पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, लखीसराय के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हलसी थाना कांड सं0-92/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके पश्चात फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। सदर अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

विशेष टीम ने तकनीकी सेल (DIU) और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जिले के कई ठिकानों पर छापेमारी की। 3 मई की सुबह पुलिस ने लखीसराय थाना क्षेत्र के गढ़ी विशनपुर में घेराबंदी कर आरोपी श्रवण बिन्द (20) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी हलसी थाना क्षेत्र के बरतारा गांव का रहने वाला है।

इस सफल ऑपरेशन में हलसी थानाध्यक्ष पु.नि. राजेश रंजन, लखीसराय थानाध्यक्ष पु.नि. अशोक कुमार, अमित कुमार, रेणु कुमारी, सशस्त्र बल और DIU की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।