रंगदारी और फायरिंग मामले में त्वरित कार्यवाई, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
- Post By Admin on May 03 2026
लखीसराय : जिले में रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके पास से एक पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को वादी राजीव कुमार ने मेदनीचौकी थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि पहाड़पुर के समीप अपने धान का भंडारण करा रहे थे, तभी सुजीत कुमार अपने साथियों के साथ पहुंचा और रंगदारी की मांग करते हुए फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
इस मामले में मेदनीचौकी थाना कांड संख्या-66/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लखीसराय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए 3 मई 2026 को मेदनीचौकी थाना क्षेत्र से आरोपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी सुजीत कुमार, पिता- ओमप्रकाश यादव, निवासी- पहाड़पुर, थाना- मेदनीचौकी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में मेदनीचौकी थाना के थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं तकनीकी टीम के सदस्य शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।