भागलपुर में गंगा का रौद्र रूप: 15 घर नदी में समाए, कटाव से लोगों में दहशत
- Post By Admin on Aug 31 2026
पटना: बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी का बढ़ता जलस्तर और तेज कटाव लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। जिले के कई इलाकों में नदी के कटाव से ग्रामीणों के सामने घर और जमीन बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। ताजा घटनाक्रम में सबौर प्रखंड क्षेत्र की फरका पंचायत के इंग्लिश गांव में रविवार सुबह तेज कटाव की स्थिति सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार भागलपुर के खरीक प्रखंड के राघोपुर क्षेत्र में भी गंगा के बढ़े जलस्तर से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं सबौर के इंग्लिश गांव में कटाव ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। बताया गया है कि अब तक करीब 15 घर गंगा में समा चुके हैं और खेती योग्य जमीन का भी बड़ा हिस्सा नदी की धारा में कट चुका है।
कटाव की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित लोगों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। सबौर की अंचल अधिकारी दिव्या कुमारी ने बताया कि कटाव पीड़ितों को चिह्नित किया जा रहा है और सरकारी प्रावधान के अनुसार उन्हें सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का कटाव लगातार बढ़ने से घर और खेत दोनों खतरे में हैं। ग्रामीणों को डर है कि यदि कटाव की रफ्तार नहीं रुकी तो आने वाले दिनों में और मकान तथा कृषि भूमि इसकी चपेट में आ सकती है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि नदी की धारा किस दिशा में आगे बढ़ती है और कटाव कब तक जारी रहता है।
• तस्वीर केवल सांकेतिक है...