लंगट सिंह कॉलेज में युवा आपदा मित्रों का सम्मान, संजना और ऋषिकेश ने हासिल किया पहला स्थान
- Post By Admin on Aug 17 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कॉलेज परिसर स्थित अपने कार्यालय में युवा आपदा मित्र आवासीय प्रशिक्षण शिविरों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया। तिरहुत फिजिकल कॉलेज में आयोजित महिला और पुरुष बैच के प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मेडल और ट्रॉफी प्रदान की गई।
महिला आवासीय प्रशिक्षण शिविर में संजना कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं स्मृति चौधरी, नाहिदा परवीन, अभिलाषा कुमारी और सोनी कुमारी ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पुरुष आवासीय प्रशिक्षण में ऋषिकेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दिव्यांशु कुमार दूसरे स्थान पर रहे। अमन गुप्ता ने समग्र रूप से आठवां स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके लगन एवं अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं के दौर में किसी राष्ट्र की ताकत केवल उसके बुनियादी ढांचे में नहीं, बल्कि युवाओं की तैयारी और संवेदनशीलता में भी होती है। उन्होंने युवा आपदा मित्रों को ऐसी नई पीढ़ी का प्रतिनिधि बताया, जो संकट आने का इंतजार करने के बजाय पहले से तैयार होकर आपदा और समाज के बीच सुरक्षा कवच की भूमिका निभाती है।
एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शशिकांत पाण्डेय ने भी सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा शक्ति के मैदान में उतरने से राहत और बचाव कार्य अधिक तेज एवं प्रभावी हो जाते हैं। कॉलेज के छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रो. टीके डे, प्रो. शैलेंद्र सिन्हा, प्रो. एसआर चतुर्वेदी, डॉ. वार्णेश्वर शर्मा, डॉ. वेदप्रकाश दुबे, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. आनंद कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों और कर्मियों ने बधाई दी।