घर में मृत मिलीं IPS अधिकारी की 91 वर्षीय मां, जेवर गायब होने से गहराया शक

  • Post By Admin on Aug 17 2026
घर में मृत मिलीं IPS अधिकारी की 91 वर्षीय मां, जेवर गायब होने से गहराया शक

उत्तर प्रदेश : अंबेडकर नगर जिले में 91 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां के रूप में हुई है। वह मालीपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर में मृत मिलीं। आशुतोष मिश्रा वर्तमान में लखनऊ स्थित पुलिस भवन कल्याण में एसपी के पद पर तैनात हैं और प्रमोटी IPS अधिकारी हैं।

घटना का पता उस समय चला, जब महिला की देखभाल करने वाली नौकरानी घर पहुंची। घर के अंदर बुजुर्ग महिला को मृत देखकर उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, उनके मुंह से खून निकलने की बात सामने आई है। इसके चलते पुलिस ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान घर से महिला के रोजाना पहने जाने वाले जेवर भी गायब मिले। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब घर में आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। IPS आशुतोष मिश्रा की ओर से मालीपुर थाने में लूटपाट को लेकर तहरीर भी दी गई है। फिलहाल पुलिस ने महिला की मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच में अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किसी बीमारी या हृदयाघात की वजह से हुई या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, घर में मौजूद सामान, गायब जेवर और महिला की मौत की परिस्थितियों को जोड़कर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मामला संदिग्ध मौत और लूटपाट से जुड़ा हुआ है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।