क्या मिल पायेगा आशिफ़ा को कभी भी इंसाफ़

  • Post By Admin on Jun 09 2018
क्या मिल पायेगा आशिफ़ा को कभी भी इंसाफ़

न्यूज़ डेस्क :-  जैसे-जैसे दिन गुज़रता जा रहा है आशिफ़ा को इंसाफ मिल पायेगा इसकी उम्मीद कम होती जा रही है। कल यानि की शुक्रवार को कठुआ कांड के मामले की सुनवाई होनी थी मगर कोर्ट के समन के बावजूद गवाह अदालत में पेश नहीं हुए। गवाहों को लाने की जिम्मेदारी अभियोजन पक्ष की थी। मामले की पैरवी करने वाले वकील तो पहुंच गए लेकिन गवाह नदारद रहे। 

इस पर अदालत ने एसएसपी क्राइम ब्रांच जम्मू को कहा कि वह खुद 11 तारीख को अदालत में पेश होकर बताएं कि कोई भी गवाह क्यों पेश नहीं हुआ। वहीं दूसरी ओर इस बारे में डीजीपी जम्मू-कश्मीर को भी अवगत करवाने के लिए कहा गया है। इस केस में कुल 221 गवाह हैं, जिनकी नियमित रुप से गवाही दर्ज की जाएगी।

यह जानकारी अभियोजन पक्ष के वकील एके साहनी ने दी। उन्होंने बताया कि अदालत ने यह भी आदेश जारी किया है कि अब केस की सुनवाई दोपहर डेढ़ बजे के बजाय सुबह 11 बजे से हुआ करेगी। नियमित अदालती प्रक्रिया के दौरान मामले में नामजद सभी आरोपियों को शुक्रवार को भी कड़े पहरे में अदालत लाया गया। 

अब आने वाले शुक्रवार का इंतज़ार है। देखना दिलचस्प होगा कि उस दिन कौन-कौन से गवाह हाज़िर होते है मगर जिस तरह से अभी तक गवाह नदारद रहे हैं आशिफ़ा के लिए इन्साफ की उम्मीद धुंधली होती नज़र आ रही है।