लखीसराय : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने ऑपरेशन "यात्री सुरक्षा" के तहत दो दिन में ताबड़तोड़ कार्यवाही कर चार मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। इन अभियानों में कुल छह मोबाइल फोन और एक पावर बैंक बरामद किया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत ₹65,000 बताई गई है।
आरपीएफ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पहली कार्यवाही 26 जून को दोपहर करीब 12:40 बजे की गई, जब प्लेटफॉर्म संख्या 5 और 6 के पास फुट ओवरब्रिज के नीचे तीन संदिग्ध युवकों को देख कर सुरक्षा बल सतर्क हो गया। आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र स्थित चकवाई गांव निवासी अंकित कुमार (16), सूरज कुमार (16) और राजू कुमार (18) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से वीवो कंपनी के चार, रियलमी कंपनी का एक मोबाइल और एक पावर बैंक बरामद हुआ। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त सामान ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों से चोरी किया था।
दूसरी कार्यवाही 27 जून की सुबह 7:30 बजे की गई, जब प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर ट्रेन संख्या 63207 अप से उतरते समय एक युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ। टीम द्वारा रोके जाने पर वह भागने लगा, लेकिन तत्परता से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुमित कुमार (18), पिता राजकुमार साव, निवासी दुरौंधा, जिला छपरा बताया। उसकी तलाशी में सैमसंग कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब ₹15,000 आंकी गई। उसने भी चोरी की बात स्वीकार की।
दोनों मामलों में विधिवत जब्ती सूची व गिरफ्तारी ज्ञापन तैयार कर संबंधित आरोपियों को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है। कांड पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है।
इस अभियान में प्रमुख रूप से आरपीएफ के सउनि अजय कुमार सिंह, आरक्षी शिव शंकर कुमार, जीआरपी के विवेकानंद कुमार, रंजीत सिंह, आरपीएफ के प्रवीण कुमार व अमन वर्मा की सक्रिय भूमिका रही।
रेल सुरक्षा बल की इस त्वरित और प्रभावी कार्यवाही से यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में डर का माहौल बना है। ऑपरेशन "यात्री सुरक्षा" के तहत ऐसी सतत कार्यवाही जारी रखने की बात अधिकारियों ने कही है।




















