31 आपराधिक मामलों में वांछित अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार किया
- Post By Admin on Nov 26 2024

रामगढ़ : रामगढ़ पुलिस ने एक गंभीर अपराधी महेंद्र ठाकुर को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग जिलों में 31 आपराधिक मामलों में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस ने उसे छिनतई, चोरी, और मोटरसाइकिल चोरी जैसे अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
रामगढ़ एसपी अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची रोड स्थित इफको कॉलोनी गेट के आसपास एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए साजिश रच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआईटी की टीम को छापेमारी अभियान पर भेजा।
जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को देखा। वह भागने का प्रयास करने लगा लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान महेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक लोहे का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में महेंद्र ठाकुर ने बताया कि उसने यह अवैध देसी कट्टा और कारतूस बंगाल से खरीदी थी। उसने यह भी खुलासा किया कि वह और उसके सहयोगी विभिन्न अपराधों को अंजाम देने के लिए इन हथियारों का उपयोग करते थे। रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग और धनबाद जैसे इलाकों में वह छिनतई, चोरी, मोटरसाइकिल चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त रहा है।
पुलिस ने महेंद्र ठाकुर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने इस सफल अभियान के लिए एसपी अजय कुमार की सराहना की। जिन्होंने सूचनाओं का समय पर विश्लेषण कर पुलिस बल को दिशा प्रदान की। रामगढ़ पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी, ताकि अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ा जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बेहतर हो सके।