पैक्स निर्वाचन के लिए सभी तैयारियाँ पूरी, 26 नवंबर से मतदान शुरू

  • Post By Admin on Nov 26 2024
पैक्स निर्वाचन के लिए सभी तैयारियाँ पूरी, 26 नवंबर से मतदान शुरू

सीतामढ़ी : जिले में पैक्स (प्रारंभिक कृषि सहकारी समिति) चुनाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। जिले के चार प्रखंडों डुमरा, मेजरगंज, सुप्पी और बेलसंड में मंगलवार से मतदान का पहला चरण शुरू होगा। इस पहले चरण में कुल 31 पैक्स और 85 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से लेकर अपराह्न 4:30 बजे तक होगा। इस चुनाव में कुल 4 बज्रगृह, 14 सेक्टर और 31 पीसीसीपी (पोलिंग कंट्रोल और कलेक्शन प्वाइंट) बनाए गए हैं। इसके अलावा 14 मतदान केंद्रों पर निर्विरोध मतदान होगा। जिले में चुनाव के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश जारी कर दिए गए हैं।

पुलिस और प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सख्त कदम उठाए हैं। चुनाव के दौरान दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रत्येक प्रखंड में वरीय प्रभारी दंडाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी अधिकारियों को मतदान केंद्रों का सतत निरीक्षण करने और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया गया है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विधि व्यवस्था से संबंधित समस्या का समाधान करने के लिए एक जिला नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया है। इस केंद्र का फोन नंबर 06226–250316 है। जो दो पालियों में 6:00 बजे पूर्वाह्न से लेकर 1:00 बजे अपराह्न तक और फिर 1:00 बजे अपराह्न से 8:00 बजे अपराह्न तक कार्य करेगा।