बाबासाहेब के विचारों और संविधान की रक्षा के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे : राहुल गांधी
- Post By Admin on Apr 14 2026
नई दिल्ली : राहुल गांधी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश बाबासाहेब के विचारों पर आधारित है और वे इनकी रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने देश को केवल संविधान ही नहीं, बल्कि न्याय, समानता और सम्मान पर आधारित एक सशक्त भारत का सपना दिया।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें सुनियोजित तरीके से बाबासाहेब की विरासत और संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है, अधिकारों का हनन हो रहा है और समता की सोच पर लगातार आघात किया जा रहा है। उन्होंने सभी देशवासियों से मिलकर बाबासाहेब के सपनों का भारत साकार करने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बाबासाहेब अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को उसकी नैतिक और संवैधानिक आत्मा प्रदान की। उन्होंने अंबेडकर को स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लिए संघर्ष करने वाला महान योद्धा बताया। खड़गे ने कहा कि वर्तमान समय में जब संविधान चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब बाबासाहेब के विचार और चेतावनियां और अधिक प्रासंगिक हो गई हैं। उन्होंने लोगों से उनके सिद्धांतों और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने संदेश में कहा कि संविधान के रूप में बाबासाहेब ने प्रत्येक भारतीय को एक सुरक्षाकवच प्रदान किया है, जो स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब के प्रयासों से वंचित वर्गों के मुद्दे स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान का अभिन्न हिस्सा बने। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों और बाबासाहेब के विचारों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।