दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री का भव्य रोड शो, जनता का उमड़ा सैलाब
- Post By Admin on Apr 14 2026
सहारनपुर : नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सहारनपुर में भव्य रोड शो कर जनता का अभिवादन किया। दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के उद्घाटन से पहले आयोजित इस रोड शो में प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों के किनारे भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘मोदी-मोदी’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए तथा फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।
रोड शो के दौरान कई लोग पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए और उन्होंने लोक नृत्य प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के ऊंचे खंड पर बने वन्यजीव कॉरिडोर की समीक्षा करेंगे और इसके बाद देहरादून के लिए रवाना होंगे।
देहरादून पहुंचकर प्रधानमंत्री जय मां डाट काली मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके पश्चात वे दोपहर करीब 12:30 बजे आयोजित सार्वजनिक समारोह में दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का एक्सेस नियंत्रित कॉरिडोर 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार किया गया है, जो दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होकर गुजरता है। इसके निर्माण से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय छह घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।
परियोजना के तहत 10 इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवरब्रिज, चार प्रमुख पुल और सड़क किनारे 12 जनसुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही इसे उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली से लैस किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।
कॉरिडोर के निर्माण में पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके तहत लगभग 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वन्यजीव कॉरिडोर बनाया गया है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में शामिल है। इसके अलावा आठ पशु मार्ग, 200 मीटर लंबे दो हाथी अंडरपास और डाट काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग का भी निर्माण किया गया है, जिससे वन्यजीवों की आवाजाही सुरक्षित रह सके।