उपराष्ट्रपति चुनाव : सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी बने इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार

  • Post By Admin on Aug 19 2025
उपराष्ट्रपति चुनाव : सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी बने इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार

नई दिल्ली : आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव में ‘इंडिया’ ब्लॉक ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार घोषित किया है। वह एनडीए प्रत्याशी सी.पी. राधाकृष्णन के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। ब्लॉक के लगभग सभी दलों ने सर्वसम्मति से रेड्डी के नाम पर मुहर लगाई।

बी. सुदर्शन रेड्डी का जन्म 8 जुलाई 1946 को आंध्र प्रदेश के रंगारेड्डी जिले के आकुला मायलावरम गांव में किसान परिवार में हुआ। शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से 1971 में विधि स्नातक की डिग्री हासिल की और उसी साल वकालत शुरू की।

कानूनी करियर की शुरुआत वरिष्ठ अधिवक्ता के. प्रताप रेड्डी के चैंबर से हुई। उन्होंने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में रिट और दीवानी मामलों की पैरवी की। 1988 से 1990 तक वे राज्य के सरकारी वकील रहे, इसके बाद केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्थायी वकील भी नियुक्त हुए। 1993-94 में वे आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए और उसी दौरान उस्मानिया विश्वविद्यालय के स्थायी वकील भी बने।

उनकी न्यायिक पारी 2 मई 1995 से शुरू हुई, जब उन्हें आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनाया गया। बाद में 5 दिसंबर 2005 को वे गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बने। 12 जनवरी 2007 को वे सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए और 8 जुलाई 2011 को सेवानिवृत्त हुए।

रेड्डी अब ‘इंडिया’ ब्लॉक के उम्मीदवार के रूप में 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा। यह चुनाव संविधान के अनुच्छेद 66(1) के तहत होता है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित एवं नामांकित सदस्य मतदान करते हैं। प्रक्रिया गोपनीय मतपत्र से संपन्न होगी।