बर्फ का आनंद लेना हो तो चले जाएं यहां, इस शहर ने ओढ़ी बर्फ की चादर

  • Post By Admin on Jan 20 2023
बर्फ का आनंद लेना हो तो चले जाएं यहां, इस शहर ने ओढ़ी बर्फ की चादर

देहरादून: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से स्थानीय नागरिकों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। समूचा प्रदेश शीतलहर की गिरफ्त में है। इस बीच मसूरी और धनोल्टी में इस सीजन में दूसरी बार बर्फ गिरी है। यह जानकारी मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने दी।

इस अधिकारी के मुताबिक राजधानी देहरादून में गुरुवार रात बारिश हुई है। भूगर्भीय हलचल से सुर्खियों में आए जोशीमठ के आपदा प्रभावित सुनील गांव में बर्फबारी से दिक्कतें बढ़ गईं हैं। इससे तापमान में गिरावट आई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान विभाग का अपडेट है- मसूरी में देररात बारिश के बाद चार दुकान और लाल टिब्बा में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ। धनोल्टी, बुरांशखंडा, सुरकंडा और नागटिब्बा में भी बर्फ गिरी है। चमोली जिले के औली, बदरीनाथ, हेमकुंड और नीति माणा घाटी में बर्फबारी हुई है।

केदारनाथ में चौथे दिन शुक्रवार को भी बर्फ गिरी है। केदारनाथ में चार फीट तक बर्फ जम चुकी है। कुमाऊं में सीमांत पिथौरागढ़ जिले की उच्च हिमालयी चोटियों राजरंभा, पंचाचूली, नंदादेवी, नंदाकोट आदि में सुबह बर्फ गिरी है। अगर आप भी बर्फ के दीवाने हैं तो इन जगहों पर जाकर बर्फ का अनुभव ले सकते हैं ।