कठुआ : कड़ाके की ठंड व बारिश के बीच राहुल गांधी ने शुरू की भारत जोड़ो यात्रा

  • Post By Admin on Jan 20 2023
कठुआ : कड़ाके की ठंड व बारिश के बीच राहुल गांधी ने शुरू की भारत जोड़ो यात्रा

जम्मू : जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन है। भारत जोड़ो यात्रा बारिश के बीच भी कठुआ के हटली मोड़ से शुरू हो गई है। कड़ाके की ठंड के बीच राहुल गांधी की यात्रा सुबह 8 बजे हटली मोड़ से शुरू हुई जो अरोडिया तक चलेगी। इस बीच राहुल गांधी से 16 प्रतिनिधिमंडल भी मुलाकात करेंगे। यात्रा में शामिल लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार शाम जम्मू -कश्मीर पहुंची। पंजाब को जम्मू-कश्मीर से जोड़ने वाले रावी पुल को पार कर यात्रा प्रदेश की धरती पर पहुंची थी। इस मौके पर नेकां नेता फारूख अब्दुल्ला, शिवसेना नेता संजय राउत, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विकार रसूल वानी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा का स्वागत किया था।

भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू-कश्मीर के कठुआ पहुंचने पर लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि हिन्दुस्तान के सामने नफरत, हिंसा, बेरोजगारी और महंगाई सबसे बड़े मुद्दे हैं। सरकार ने इस देश को रोजगार देने वाले छोटे मध्यम व्यवसायियों को खत्म कर दिया है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारत के गरीब लोगों व युवाओं के अधिकारों पर हमला हो रहा है। किसानों पर आक्रमण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने बहुत दु:ख देखे हैं, मैं यहां मोहब्बत बांटने आया हूं।