सेला पास में बर्फीली झील में गिरने से बचाए गए पर्यटक, किरन रिजिजू ने शेयर किया वीडियो
- Post By Admin on Jan 06 2025

तवांग : अरुणाचल प्रदेश के खूबसूरत सेला पास में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। जिसमें कुछ पर्यटक बर्फीली झील के टूटने से ठंडे पानी में गिर गए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से पर्यटकों की जान बचाई। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी शेयर किया है।
कैसे हुआ यह हादसा?
सेला पास अरुणाचल प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यह सर्दियों में बर्फ से ढक जाता है। यह क्षेत्र अपनी बर्फीली पहाड़ियों और झीलों के लिए प्रसिद्ध है। हाल ही में कुछ पर्यटक बर्फीली झील पर चल रहे थे तभी अचानक बर्फ टूट गई और वे ठंडे पानी में गिर गए। गिरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। वह पानी में गिरने के बाद मदद के लिए चिल्ला रही थीं। पानी का तापमान बेहद ठंडा था जिससे उनकी जान को खतरा था।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची जानें
इस दौरान, आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने बांस की छड़ों का इस्तेमाल कर पर्यटकों को झील से बाहर निकाला। यह एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से सभी पर्यटक सुरक्षित बच गए।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शेयर किया वीडियो
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और यात्रियों से कठिन इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने लिखा, "पर्यटकों को मेरी सलाह है कि वे अनुभवी लोगों के साथ जमे हुए झीलों पर चलें, फिसलन भरी बर्फीली सड़कों पर सावधानी से गाड़ी चलाएं और बर्फ के हिमस्खलन से अवगत रहें।" इसके साथ ही उन्होंने पर्यटकों से यह भी आग्रह किया कि वे बर्फीले इलाकों में यात्रा करते समय गर्म कपड़े पहनें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।