लता मंगेशकर की जयंती पर देश ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, गृह मंत्री समेत कई नेताओं ने किया याद
- Post By Admin on Sep 28 2025

नई दिल्ली : भारत रत्न और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जयंती पर पूरे देश ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलग-अलग संदेशों के जरिए उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि लता दीदी के सुर भारतीय संगीत की आत्मा थे। उन्होंने कहा, “लता दीदी की सहजता और आत्मीयता से भरे गीत श्रोताओं के दिलों को सदैव छूते रहे। उनसे जब भी मुलाकात हुई, संगीत और कला पर लंबी चर्चाएं होती थीं। अनेक भाषाओं को अपनी जादुई आवाज से समृद्ध करने वालीं लता दीदी अपने गीतों के माध्यम से करोड़ों देशवासियों के दिलों में अमर रहेंगी।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें नमन करते हुए लिखा, “स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें सादर नमन।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लता मंगेशकर के योगदान को अप्रतिम बताते हुए कहा कि उनकी अनूठी आवाज ने भारतीय संगीत को वैश्विक मंच पर विशेष पहचान दिलाई। उन्होंने लिखा, “आपके मधुर गीत और दिव्य स्वर युगों-युगों तक हमारे हृदयों में जीवित रहेंगे।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लता मंगेशकर को ‘महान सुर साधिका’ और ‘स्वर सम्राज्ञी’ बताते हुए कहा, “उनके दिव्य स्वर भारत की आत्मा की अभिव्यक्ति हैं। भक्ति से देशभक्ति तक और विरह से उत्सव तक हर भाव को उन्होंने अमर कर दिया। उनकी वाणी हर भारतीय के हृदय में सदैव गुंजायमान रहेगी।”
लता मंगेशकर का संगीत सफर सात दशकों से भी अधिक लंबा रहा। उन्होंने हजारों गीत गाए और भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई। उनकी जयंती पर पूरा देश एक बार फिर उनके अमर सुरों को नमन कर रहा है।