स्पेसएक्स के स्टारशिप की 10वीं परीक्षण उड़ान टली, एलन मस्क ने बताई अगली तारीख
- Post By Admin on Aug 25 2025
.jpg)
नई दिल्ली : एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट स्टारशिप की 10वीं परीक्षण उड़ान एक बार फिर टालनी पड़ी। कंपनी ने बताया कि ग्राउंड सिस्टम में आई तकनीकी समस्या की वजह से यह उड़ान निर्धारित समय पर संभव नहीं हो सकी।
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि लॉन्च से पहले ग्राउंड सिस्टम में ऑक्सीजन रिसाव पाया गया, जिसे दुरुस्त करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस खामी को ठीक करने के बाद अब मंगलवार सुबह उड़ान भरी जाएगी।
रविवार रात टेक्सास स्थित स्टारबेस लॉन्च साइट से स्थानीय समयानुसार 7:30 बजे उड़ान का समय तय था, लेकिन उड़ान से महज 17 मिनट पहले इसे रद्द कर दिया गया। स्पेसएक्स ने एक्स पर पोस्ट कर पुष्टि की कि ग्राउंड सिस्टम की खराबी इसका कारण बनी। बाद में मस्क ने साफ किया कि समस्या ऑक्सीजन रिसाव की थी।
गौरतलब है कि दुनिया का सबसे शक्तिशाली रॉकेट माने जाने वाले स्टारशिप की यह उड़ान बेहद अहम थी। इससे पहले हुए नौ परीक्षणों में से कई असफल रहे हैं। जनवरी, मार्च और मई 2025 में हुए प्रक्षेपणों में गंभीर तकनीकी खामियां सामने आईं। फ्लाइट-7 और फ्लाइट-8 उड़ान के दस मिनट के भीतर ही फट गए थे, जबकि फ्लाइट-9 पृथ्वी के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करते समय नष्ट हो गया था।
स्पेसएक्स का कहना है कि फ्लाइट-10 की योजना इन सभी कमियों के विश्लेषण और सुधार के बाद बनाई गई थी। हालांकि लॉन्च से पहले हुई तकनीकी गड़बड़ी ने कंपनी के इस प्रयास को झटका दिया है।
पहले यह उड़ान 29 जून को निर्धारित थी, लेकिन स्टैटिक फायर टेस्ट के दौरान हुए धमाके की वजह से इसे स्थगित करना पड़ा था। उस हादसे में रॉकेट का ऊपरी हिस्सा आग के गोले में तब्दील हो गया था।
अब कंपनी ने घोषणा की है कि भारतीय समय के अनुसार मंगलवार सुबह 5 बजे स्टारशिप का प्रक्षेपण किया जाएगा। दुनिया भर के अंतरिक्ष वैज्ञानिक और विशेषज्ञ इस ऐतिहासिक परीक्षण पर नजरें गड़ाए हुए हैं।