आरजे सिमरन ने गुरुग्राम में फांसी लगाकर दी जान, फैन्स बता रहे हत्या
- Post By Admin on Dec 27 2024

नई दिल्ली : सालों तक रेडियो इंडस्ट्री में अपनी आवाज़ से लाखों दिलों में जगह बनाने वाली प्रसिद्ध आरजे जम्मू की धड़कन सिमरन सिंह ने अपने जीवन को समाप्त कर लिया। उनके शव का पता गुरुग्राम स्थित उनके घर से चला। जहां उन्होंने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सिमरन सिंह की अचानक मौत ने न केवल उनके परिवार बल्कि उनके चाहने वालों और रेडियो इंडस्ट्री को भी गहरे शोक में डुबो दिया है।
सिमरन को रेडियो की दुनिया में ‘जम्मू की धड़कन’ के रूप में जाना जाता था और उनकी आवाज़ लाखों श्रोताओं के दिलों में गूंजती थी। वे एक चर्चित आरजे थी जो अपनी जीवंतता और आकर्षक प्रस्तुति के लिए मशहूर थे। वह लंबे समय तक रेडियो स्टेशन 92.7 बिग एफएम के साथ जुड़ी रहीं और उनके शो ने श्रोताओं के बीच बहुत लोकप्रियता हासिल की थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई है लेकिन आत्महत्या की वजह का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त सिमरन की अचानक मौत से हैरान हैं और उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कुछ समय से उनके बीच चिंता जताई जा रही थी।
सिमरन सिंह के चाहने वाले सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ लेकर आ गए हैं। उनके साथ काम करने वाले सहकर्मी और उद्योग जगत के लोग भी इस त्रासदी से बुरी तरह प्रभावित हैं। वे एक बेहद सकारात्मक, मेहनती और संवेदनशील महिला के रूप में पहचानी जाती थी। जिनकी अपनी खास शैली और प्रस्तुतिकरण के लिए लोग हमेशा उन्हें याद रखेंगे।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को सामने ला दिया है, क्योंकि सिमरन सिंह के करीबी लोगों के मुताबिक वह काफी समय से तनाव और अकेलेपन से जूझ रही थी। हालांकि, उन्होंने इस बारे में किसी से खुलकर बात नहीं की थी। आरजे सिमरन के निधन से रेडियो इंडस्ट्री को एक अपूरणीय क्षति हुई है और उनके शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संजीवनी की जरूरत है।