मुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा रद्द

  • Post By Admin on Dec 27 2024
मुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा रद्द

मुजफ्फरपुर : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित प्रगति यात्रा और सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री आज जिले में 450 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास करने वाले थे।

प्रगति यात्रा और योजनाओं का शिलान्यास स्थगित

सीएम नीतीश कुमार आज मुजफ्फरपुर में 20 लखपति जीविका दीदियों से मुलाकात कर उनकी प्रगति यात्रा की कहानियां सुनने वाले थे। इसके साथ ही, मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेन, गरहां-हथौड़ी-औराई पथ, और बागमती नदी पर बभनगामा में पुल निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास होना था। इन योजनाओं की कुल लागत लगभग 450 करोड़ रुपये है।

शहरी क्षेत्र में 254 सड़क-नाला योजनाओं का उद्घाटन

शहरी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित 254 सड़क-नाला योजनाओं का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना था। रामदयालु नगर, सादपुरा और गोबरसही रेल गुमटी पर आरओबी (रेल ओवरब्रिज) निर्माण की आधारशिला रखने का कार्यक्रम भी शामिल था। रामदयालु नगर में 80 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी निर्माण का प्रस्ताव है। जबकि सादपुरा में 48 करोड़ और गोबरसही में 80 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण प्रस्तावित है।

मुशहरी में प्रस्तावित उद्घाटन कार्य

मुख्यमंत्री मुशहरी के नरौली में पंचायत सरकार भवन, वृहत आश्रय गृह, जीविका भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, मनरेगा पार्क और हेल्थ वेलनेस सेंटर का उद्घाटन करने वाले थे।

शोक में रद्द हुए कार्यक्रम

डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। उनकी प्रगति यात्रा के तहत जिले में जिन योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होना था उन्हें अब पुनः निर्धारित किया जाएगा।