प्रधानमंत्री मोदी और मार्को रुबियो के बीच अहम वार्ता, ऊर्जा और सुरक्षा मुद्दों पर हुई चर्चा

  • Post By Admin on May 23 2026
प्रधानमंत्री मोदी और मार्को रुबियो के बीच अहम वार्ता, ऊर्जा और सुरक्षा मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली : अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो इन दिनों भारत दौरे पर हैं। यह उनकी पहली आधिकारिक भारत यात्रा है। शनिवार सुबह उनका विमान कोलकाता पहुंचा, जहां भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया। कोलकाता में रुबियो ने मिशनरीज ऑफ चैरिटी पहुंचकर मदर टेरेसा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह नई दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच एक घंटे से अधिक समय तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के बाद कहा कि मार्को रुबियो का स्वागत कर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने बताया कि भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में हो रही प्रगति, क्षेत्रीय स्थिरता तथा वैश्विक शांति और सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक हितों के लिए आगे भी मिलकर कार्य करते रहेंगे।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों को विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत बनाने को लेकर हुई बातचीत काफी सार्थक रही। इस दौरान मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का निमंत्रण भी दिया। भारत रवाना होने से पहले रुबियो ने कहा था कि भारत अमेरिका का महत्वपूर्ण सहयोगी और साझेदार है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में बेहतर कार्य हो रहा है और यह यात्रा काफी अहम है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका भारत को उतनी ऊर्जा उपलब्ध कराना चाहता है, जितनी भारत खरीद सके। वेनेजुएला से तेल आपूर्ति को लेकर भी कई संभावनाएं मौजूद हैं। अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों तथा भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के दृष्टिकोण से रुबियो का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ईरान संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। ऐसे में ऊर्जा सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के बीच चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

मार्को रुबियो 26 मई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और सामरिक सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा वह भारतीय विदेश मंत्री S. Jaishankar एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।अपने भारत दौरे के दौरान रुबियो कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का भ्रमण करेंगे। कोलकाता में उन्होंने मदर टेरेसा द्वारा स्थापित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ और संगठन द्वारा संचालित एक बाल गृह का भी दौरा किया। शाम में वह अमेरिकी दूतावास के सपोर्ट एनेक्स भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे तथा रूजवेल्ट हाउस में आयोजित स्वागत समारोह में भी भाग लेंगे।